खास खबर

विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष में पेवेलियन मैदान में नगर पालिका की ओर से आयोजित किया गया पौधरोपण कार्यक्रम

यह हमें तय करना है कि आने वाली पीढ़ी के लिए कैसा वातावरण देना चाहते है - लोढ़ा

शिवगंज, 5 जून। मुख्यमंत्री के सलाहकार विधायक संयम लोढ़ा (MLA Sanyam Lodha) ने कहा कि आज पृथ्वी पर जो पर्यावरण संतुलन बिगड़ा है उसका मुख्य कारण मानव ही है। अब हमें ही यह तय करना है कि हम अपनी आने वाली पीढ़ी को कैसा वातावरण देना चाहते है। हमें अब पर्यावरण के प्रति सजग होना आवश्यक है। अन्यथा आने वाले समय के इसके परिणाम काफी घातक साबित होंगे। विधायक लोढ़ा रविवार को विश्व पर्यावरण दिवस (World Environment Day) के उपलक्ष में नगर पालिका प्रशासन की ओर से पेवेलियन मैदान में आयोजित कार्यक्रम को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे।

विधायक लोढ़ा ने कहा कि आज धरती पर जितनी भी समस्याएं है उनका एकमात्र कारण हमारा पर्यावरण के प्रति सजग नहीं होना ही है। आज पर्यावरण असंतुलन इतना हो गया है कि इसकी वजह से ऋतुओं में परिवर्तन हो गया है। गर्मी बेहिसाब बढ़ रही है। पर्याप्त बारिश नहीं होने की वजह से जल संकट खडा होता जा रहा है। तालाब, नदी नाले, बांध रसातल पर पहुंच चुके है। भूजल स्तर में भयंकर गिरावट आ चुकी है। प्रदुषण की समस्या निरंतर गहराती जा रही है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण के लिए जंगल, जल और जानवर का होना नितांत आवश्यक है। आज हम विकास की अंधी दौड़ में जंगलों को खत्म करते जा रहे है। जहां हमें पेड़ों को बचाना चाहिए वहां हम पेड़ों को गिरा रहे है। विधायक ने कहा कि अभी हमारे क्षेत्र में लेपर्ड जोन विकसित हुआ है, लेकिन हम उन जानवरों के प्रति भी संवेदनशील नहीं है। हम जाने अनजाने में उन जानवरों की जिंदगी में दखल दे रहे है। विधायक ने कहा कि अब हमें यह तय करना होगा कि हम अपनी आने वाली पीढ़ी को कैसा वातावरण देना चाहते है। विधायक ने कहा कि आज प्लास्टिक का उपयोग बेतहाशा हो रहा है। इस प्लास्टिक की वजह से जमीनें खराब हो रही है। विधायक ने आम नागरिकों से प्लास्टिक का उपयोग पूरी तरह से बंद करने की अपील भी की।

इस मौके पर विधायक संयम लोढ़ा ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए नगर पालिका प्रशासन ने पूर्व में भी अभियान चला कर शहर में विभिन्न स्थानों सहित पेवेलियन मैदान में भी पौधरोपण कर उनके संरक्षण की जिम्मेदारी ली थी। उन्हें इस बात की खुशी है कि आज वे सभी पौधें पेड़ का रूप ले चुके है। इस बार भी पालिका की ओर से पेवेलियन मैदान में पौधरोपण का अभियान चलाया जा रहा है, पालिका इन पौधों का भी पूरी तरह से संरक्षण कर पर्यावरण संरक्षण में भागीदार बने। इस मौके पर विधायक लोढा सहित पालिकाध्यक्ष वजींगराम घांची सहित पार्षदों ने गणमान्य नागरिकों ने पेवेलियन मैदान को हरा भरा बनाने के संकल्प के साथ पौधरोपण किया। इस मौके पर यूथ कांग्रेस अध्यक्ष प्रकाशराम मीना, पार्षद मालमसिंह, राजेन्द्रसिंह, कस्तुर घांची, नारायण लाल परिहार, जयंतिलाल सोनी, राजेन्द्र माली, महेन्द्र राठौड, महेश अग्रवाल, सुरेशसिंह राव, कुशलसिंह देवडा, प्रभूसिंह पुरोहित, हितेश माली, दिलीप मोची, मुजफ्फर बेग, महिला कांग्रेस अध्यक्ष नजमा सिलावट, कोमल परिहार, नफीसा सिलावट, विनीता वाघेला, विमला छीपा, नेहा प्रजापत, शंकरलाल मीना, जितेन्द्र मीना, नारायणसिंह, ओमप्रकाश, दलपत मेवाडा, शहजाद शाह, बलवीर सिंह, मांगीलाल मीना सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

Categories