राजनीतिक

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने जिले को दी विकास की कई सौंगातें अब फर्ज निभाने की जिम्मेदारी हमारी : विधायक संयम लोढा

पंचायतीराज चुनावों को लेकर कांग्रेस कार्यालय में कार्यकर्ताओं का विधायक ने किया संबोधित

कार्यकर्ताओं को दिया जीत का मंत्र, आपसी सहमति से चुनाव मेें उतारे उम्मीदवार

सिरोही, 07 अगस्त, हरीश दवे। आगामी सितंबर माह में होने वाले पंचायती राज चुनावों के संदर्भ में कांग्रेस पार्टी की रणनीति तैयार करने तथा उम्मीदवारों के नाम पर चर्चा करने को लेकर शनिवार को कांग्रेस कार्यालय में विधायक संयम लोढ़ा के मुख्य आतिथ्य में तहसील क्षेत्र के कार्यकर्ताओं की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में विधायक ने कार्यकर्ताओं से कहा कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने जिले के विकास के लिए कई सौंगाते दी है। ऐसे में अब हमारा यह फर्ज बनता है कि हम अपने फर्ज का निभाएं तथा पंचायत समिति एवं जिला परिषद के चुनावों में कांग्रेस का बोर्ड बनाए। इस मौके पर उन्होंने कार्यकर्ताओं को चुनाव में पार्टी की जीत का मंत्र देते हुए कहा कि सभी कार्यकर्ता आपस में चर्चा कर अपने वार्ड से आपसी सहमति से एक उम्मीदवार को उतारे ताकि जीत की राह आसान हो सके।

बैठक को संबोधित करते हुए विधायक लोढ़ा ने कहा कि चुनाव से पूर्व कई कार्यकर्ता चुनाव लडने के लिए टिकट मांगते है। मगर किसी एक व्यक्ति को ही कार्यकर्ताओं की सलाह पर पार्टी से टिकट मिलता है। इसके लिए बेहतर है कि पहले से ही आपसी सहमति बना ली जाए कि किसे टिकट दिया जाए। जिस किसी कार्यकर्ता को पार्टी का टिकट मिले। एकजूट होकर उसे जीताने के प्रयास कर कांग्रेस के उम्मीदवारों को जीताकर फिर से पंचायत समिति में कांग्रेस का बोर्ड बनाना है।

विधानसभा के चुनावों के पश्चात विधानसभा क्षेत्र में करवाए जा रहे विकास के कार्यो का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि जब वे पहली बार विधायक बने थे उस समय उन्होंने इस बात का संकल्प लिया था कि चाहे कुछ भी हो जाए। शिवगंज की जनता को जवाई बांध का पानी उपलब्ध करवाकर ही दम लेंगे। आज शिवगंज की जनता को जवाई का पानी पेयजल के रूप में उपलब्ध हो रहा है। दूसरे कार्यकाल के दौरान तहसील के गांवों को जवाई से पेयजल की दिलवाने के लिए सर्वे कार्य प्रारंभ करवाया। मगर इसके बाद उन्हें क्षेत्र की जनता ने मौका नहीं दिया। परिणामस्वरूप यह योजना खटाई में पड़ गई। भाजपा के नेताओं ने इस दिशा में दस साल तक कोई प्रयास नहीं किए। इस बार फिर क्षेत्र की जनता ने उन्हें मौका दिया तो इस संकल्प को भी पूरा किया। मुख्यमंत्री गहलोत ने तहसील के ७१ गांवों को जवाई का पानी उपलब्ध करवाने के लिए ३०० करोड की योजना स्वीकृत की है तथा इस पर कार्य भी प्रारंभ हो चुका है। आने वाले समय में सभी गांवों को जवाई का पानी पेयजल के रूप में उपलब्ध हो सकेगा। इसके अलावा सिरोही शहर की पेयजल समस्या के निवारण के लिए ५०० करोड की बत्तीसा नाला योजना भी स्वीकृत की गई है।

चिकित्सा सेवाओं के विस्तार के लिए प्रयास

विधायक लोढ़ा ने कहा कि क्षेत्र की जनता को कई बीमारियों के उपचार के लिए गुजरात के पालनपुर की तरफ जाना पड़ता था अथवा निजी चिकित्सालयों में भारी भरकम पैसे देकर उपचार करवाना पड़ता था। क्षेत्र के लोगों को यहीं पर बेहतर उपचार उपलब्ध हो इसके लिए शिवगंज के अस्पताल को जिला अस्पताल बनाया गया है। अब यहां चालीस चिकित्सक सेवाएं देंगे तथा हर रोग का उपचार संभव हो सकेगा। इतना ही नहीं पालडी के समीप ३०० करोड की लागत से मेडीकल कॉलेज का निर्माण भी शीघ्र प्रारंभ होने जा रहा है। इसके बाद सिरोही जिला चिकित्सा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बन जाएगा। इसके अलावा सिरोही के लिए सिवरेज सुविधा, खिलाडिय़ों के लिए क१ १० करोड की लागत से खेल स्टेडियम का निर्माण भी शीघ्र प्रारंभ हो रहा है।

सडक़ों के सुदृढीकरण की तरफ दिया ध्यान

विधायक ने कहा कि पिछले ढाई सालों के दौरान विधानसभा क्षेत्र में जहां भी सडक़ की आवश्यकता थी। मांग के अनुसार सडक़ों का सुदृढीकरण तथा निर्माण के कार्य करवाए गए है। मीणा समाज के प्रसिद्ध गौतम ऋषि महादेव जो कि ३६ कौम का आराध्य स्थल है। वहां तक जाने के लिए पतली सडक़ तथा घुमावदार होने से लोगों को आने जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। जिससे कई बार दुर्घटना की आशंका भी रहती थी। इसे ध्यान में रखते हुए पंचदेवल, राडबर होते हुए गौतमजी तक १० करोड की लागत से दोहरी सडक का निर्माण करवाया जा रहा है। इसके अलावा पालड़ी से गणकेश्वर महादेव मंदिर तक सडक, शिवगंज से काम्बेश्वर महादेव दोहरी सडक, पालडी से उथमण तक सडक़ सहित कई सडक़ों के लिए मुख्यमंत्री ने दिल खोलकर पैसा दिया है।

लोकसभा में भाजपा का सांसद, काम क्या किया

इस मौके पर विधायक लोढ़ा ने कहा कि पिछले दो दशक से सिरोही जालोर लोकसभा क्षेत्र से भाजपा का उम्मीदवार जीत हासिल कर लोकसभा में क्षेत्र की जनता का प्रतिनिधित्व कर रहा है। ऐसे में जनता का यह तो हक बनता ही है कि वह सांसद से पूछे कि इतने सालों में सिरोही व जालोर के विकास के लिए क्या किया? इसका परिणाम क्या रहा? विधायक ने केन्द्र की मोदी सरकार पर प्रहार करते हुए कहा कि १ करोड सरकारी नौकरी देने का सरकार ने वादा किया था। लेकिन आठ साल में मात्र १ लाख १३ हजार लोगों को ही सरकारी नौकरी दी गई है। इतना ही नहीं पेट्रोल डीजल और गैस के दामों में निरंतर बढोतरी के अलावा बढती महंगाई ने आम जनता की कमर तोड कर रख दी है। ओर तो ओर अब तो राजनेताओं, न्यायाधीशों, पत्रकारों सहित प्र्रमुख लोगों की जासूसी भी की जाकर लोकतंत्र का गला घोंटा जा रहा है। बैठक में शिवगंज पालिकाध्यक्ष वजींगराम घांची, निवर्तमान ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष हरीश राठौड, पूर्व जिला प्रमुख अन्नाराम बोराणा, पूर्व प्रधान अचलाराम माली, पालडी एम से प्रताप माली, पूरणसिंह देवडा बागसीन, यूथ कांग्रेस अध्यक्ष प्रकाश मीना, करणसिंह वेरा जेतपुरा, कुशल देवडा वेरा जेतपुरा, पूर्व एनएसयूआई जिलाध्यक्ष सुरेशसिंह राव, नरपतसिंह देवडा, रूपाराम मीना केसरपुरा सरपंच, हबीब शेख, पूर्व उप प्रधान मोटाराम देवासी, उषा देवासी, पूर्व प्रधान हंजा मेघवाल, आरती राणा, इन्द्रा रावल, झाडोली सरपंच मोवनी देवी सहित विभिन्न ग्राम पंचायतों के सरपंच एवं भारी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Categories