माउन्ट आबू

राज्यपाल श्री कलराज मिश्र ने राजभवन के लोअर गार्डन में किया पौधारोपण

वन अधिकारियों को वनीकरण के लिए जागरूकता अभियान चलाने के दिये निर्देश

माउन्ट आबू, हरीश दवे |

राज्यपाल श्री कलराज मिश्र एवं राज्य की प्रथम महिला श्रीमती सत्यवती मिश्र ने राजभवन के लोअर गार्डन में रविवार को वृक्षारोपण किया। उन्होंने लोवर गार्डन में अर्जुन के व अन्य प्रजातियों के पेड़ लगाये।

वन विभाग द्वारा आयोजित वनारोपण के संक्षिप्त कार्यक्रम में राज्यपाल ने कहा कि वन है तभी जीवन है। उन्होंने वन अधिकारियों को निर्देश दिये कि वनीकरण के लिए आम जन में जागरूकता अभियान चलाएं।

राज्यपाल ने आम जन से मानसून में प्रदेशभर में अधिकाधिक पेड़ लगाने के साथ ही लगाए जाने वाले पौधों की सार संभाल और उनका सतत संरक्षण किए जाने का भी आह्वान किया।

राज्यपाल ने प्राकृतिक संतुलन को बनाए रखने के लिए पूरे मानव समुदाय हेतु वनों का आवश्यक बताते हुए हर व्यक्ति को कम से कम एक पेड़ लगाने और उसके संरक्षण की अपील की। उन्होंने वन विभाग के अधिकारियों को वन संरक्षण के लिए सामुदायिक वानिकी को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया।

राज्यपाल ने बाद में लोअर गार्डन में लगे विविध प्रजातियों के पौधों, पुष्प के बारे में जानकारी लेते हुए बच्चों को आरम्भ से ही पेड़ पौधों के प्रति प्रेम की भावना हेतु प्रेरित करने पर जोर दिया।

इससे पहले राज्य की प्रधान मुख्य वन संरक्षक श्रीमती श्रुति शर्मा ने राज्यपाल को राज्य में हरित राजस्थान के लिए किए जा रहे प्रयासों और वन तथा वन्य जीव संरक्षण से सम्बंधित कार्यों के बारे में विस्तार से बताया। इस अवसर पर उपखण्ड अधिकारी अभिषेक सुराणा, नगर निगम आयुक्त रामकिशोर, नगरपालिका कनिष्ठ अभियंता नवोदित राजपुरोहित, मुख्य वन संरक्षक हनुमानाराम, एचआर मूर्ति, जिला वन अधिकारी विजय शंकर पांडेय और गौरव गर्ग ने आबू में वनीकरण और वन्यजीव संरक्षण सम्बंधित जनकारिया दी। राज्यपाल ने देर तक बाद में वन विभाग के गॉर्ड और कर्मचारियों से भी संवाद किया।

Categories