खास खबर

खगोल वैज्ञानिकों की भारत की उपलब्धियों की सराहना की

राज्यपाल ने गुरु शिखर चोटी के शीर्ष पर स्थित इन्फ्रारेड वेधशाला व आस पास के स्थान देखे

जयपुर हरीश दवे | राज्यपाल श्री कलराज मिश्र ने शुक्रवार सांय अरावली रेंज के गुरु शिखर चोटी के शीर्ष पर स्थित इन्फ्रारेड वेधशाला और वहां की दूरबीन से खगोलीय घटनाओं का अवलोकन भी किया।

उन्होंने इसरो वेधशाला में कंप्यूटर उपकरणों तथा खगोलीय उपकरणों का प्रस्तुतिकरण भी देखा। बाद में आस पास के पर्वतीय स्थानों को देखते वहां की जलवायु को सराहा।

राज्यपाल ने इससे पहले माउंट आबू में अंतरिक्ष विभाग, भारत सरकार की वित्त पोषित भौतिक अनुसंधान प्रयोगशाला (पीआरएल), अहमदाबाद द्वारा 90 के दशक में यहां पर स्थापित इन्फ्रारेड वेधशाला के भवन और वहां पहुंचने के सड़क मार्ग तथा अन्य सुविधाओं का जायजा भी लिया।

उन्होंने वेधशाला परिसर में वायुमंडलीय भौतिकी प्रयोगों से संबंधित अध्ययन करने के लिए स्वदेशी वायुमंडलीय और अंतरिक्ष विज्ञान प्रयोगशाला और वहां के उपकरणों के बारे में कौतूहल जताते जानकारी ली। बाद में उन्होंने अंतरिक्ष विज्ञान से जुड़ी भारतीय उपलब्धियों की मुक्त कंठ से सराहना भी की।

राज्यपाल ने इसरो द्वारा माउंट आबू में वेधशाला का पूर्णत: स्वदेशी आधार पर पर्वतों के शिखर पर निर्माण को मिसाल बताया है।

Categories