खास खबर

निजी कम्पनीयां किसानो का शोषण करेगी : लोढ़ा

सिरोही ब्यूरो न्यूज़

भारतीय खाद्य व कृषि व्यवसाय पर बडे उद्योगपतियों को काबिज कर देगे।

रिपोर्ट हरीश दवे

सिरोही। विधायक संयम लोढा ने कहा है कि केन्द्र की भाजपा सरकार द्वारा बनाये गये तीन कृषि कानूनो से निजी कम्पनीयां किसानो का शोषण करेगी। उन्होने कहा कि ये कानून भारतीय खाद्य व कृषि व्यवसाय पर बडे उद्योगपतियों को काबिज कर देगे। इस कानूनो की संरचना उद्योगपतियों के हितो के अनुरूप की गई है। इनसे किसानो की मोलतौल करने की ताकत कमजोर हो जायेगी।

लोढा किसान बचाओं, देश बचाओं अभियान के तहत सिरोही तहसील के जामोतरा में ब्लाॅक कांग्रेस कमेटी द्वारा आयोजित किसान संवाद कार्यक्रम को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होने कहा कि आवश्यक वस्तु संशोधन के कारण बडी कम्पनीयों को कृषि जींसो के भण्डारण की छूट मिल जायेगी। जिससे वे किसानों के साथ मनमानी करेेंगे। उन्होने कहा कि प्राइवेट मंडी आने से सरकारी कृषि मंडिया खत्म हो जायेगी। इनमें काम करने वाले हमाल, मजदूर, मुनिम, आडतियें सब बेरोजगार हो जायेगे।

लोढा ने कहा कि केन्द्र में भाजपा सरकार के आते ही शान्ता कुमार समिति का गठन निजी क्षेत्र को कृषि व खाद्य में बढावा देने के मकसद से किया गया था। समिति ने भारतीय खाद्य निगम के स्थान पर निजी उद्यमी प्रतिभूति योजना की वकालत की, खाद्य सुरक्षा में लाभान्वित हो रहे परिवारों की संख्या 67 फीसदी से घटकर 40 फिसदी करने को कहा। इसलिये भारत सरकार राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम में नये लोगों के नाम नही जोड रही है।

लोढा ने कहा कि भाजपा बताये कि प्रधानमंत्री ने 2014 में राष्ट्रीयकृत बैंको व ग्रामीण बैंको के किसानों के कर्जे भाजपा सरकार बनने पर माफ करने के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का वायदा कब पूरा होगा। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने राज्य में कांग्रेस सरकार बनते ही सहकारी बैंकों के 20 हजार करोड के किसानों के कर्ज माफ कर दिये। उन्होने प्रधानमंत्री से अपील की वे तीनो कृषि कानून वापस ले।

लोढा ने कहा कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के सहयोग से सिरोही जिला विकास की तरफ आगे बढ रहा है। दो माह के भीतर 330 करोड रूपये की लागत से सिरोही में बनने वाली सरकारी मेडिकल काॅलेज का मुख्यमंत्री अशोक गहलोत शिलान्यास करेगे। खेल स्टेडियम सिरोही का निर्माण भी शुरू होगा। क्षेत्र की बहुप्रतिक्षित ग्रामीण क्षेत्र की सडको के निर्माण कार्य भी शुरू किये जायेगे।

कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व सचिव राजेन्द्र सांखला, प्रदेश कांग्रेस के पूर्व सदस्य हिम्मत सुथार, पूर्व जिला प्रमुख अनाराम बोराणा, महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष हेमलता शर्मा, पूर्व उपप्रधान मोतीसिंह देवडा, बरलूट सरपंच भरत माली, पाडीव सरपंच देशाराम मेघवाल, जावाल सरपंच विक्रम राणा, भूतगांव सरपंच तीजादेवी, मनोरा सरपंच लक्ष्मीदेवी राजपुरोहित, वराडा तगाराम हिरागर, मण्डवारिया सरितादेवी मेघवाल, शान्तिलाल मेघवाल, देवाराम मेघवाल, शंकर पुरोहित, भीमाराम मेघवाल, कला रावल, मीरा रावल, रजनी मेघवाल, जसवन्तसिंह, तेजाराम, गोवाराम, नरेन्द्र पुरोहित, जोगाराम मेघवाल ने विचार व्यक्त किये। संचालन अनोपसिंह देवडा ने किया। कार्यक्रम में जीवाराम भोपाजी रेबारी, किशन देवासी, वक्ताराम देवासी, कानाराम देवासी, जीवाराम, हिराजी देवासी मनोरा, गोपाल देवासी मनोरा, देवाजी देवासी भी उपस्थित थे।

Categories